होम

शॉर्ट्स

देखिये

क्विज

फ़ास्ट न्यूज़


Institution Of Engineers के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए वीबी सिंह, 28 वर्ष बाद यूपी को मिला मौका
News Date:- 2024-09-24
Institution Of Engineers के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए वीबी सिंह, 28 वर्ष बाद यूपी को मिला मौका
Peeyush tripathi

लखनऊ,24 Sep 2024

हाल ही में हैदराबाद में आयोजित इन्स्टीट्यूशन ऑफ़ इन्जीनियर्स (इंडिया) की कौंसिल की बैठक में लखनऊ के वीबी सिंह को नेशनल प्रेसीडेंट चुने गया है।वीबी सिंह के नेशनल प्रेसीडेंट चुने जाने पर पूरे उत्तर प्रदेश के अभियन्ताओं में ख़ुशी की लहर है क्योंकि 28 वर्ष बाद प्रदेश को यह गौरव मिला हैं। इन्स्टीट्यूशन ऑफ़ इन्जीनियर्स देश की सर्वोच्च तकनीकी संस्था है जिसका गठन वर्ष 1920 में हुआ था और किंग जार्ज पंचम ने इसे 1935 में रायल चार्टर प्रदान किया था। विभिन्न विभागों में कार्यरत पौने तीन लाख ग्रेजुएट इन्जीनियर संस्था के सदस्य हैं।

आईआईटी रुड़की से सिविल इन्जीनियरिंग में बीटेक करने के बाद वीबी सिंह ने उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन में अपनी सेवाएं प्रारम्भ की और मुख्य अभियंता पद तक की जिम्मेदारी निभाई। वीबी सिंह वर्तमान में एसएमएस इन्जीनियरिंग इंस्टीट्यूट में एडजंक्ट प्रोफेसर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही यू.पी.बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एवं बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय की बिल्डिंग कमेटी के सदस्य हैं।

इससे पहले वह 20 वर्षों तक रुड़की विश्वविद्यालय सीनेट एवं तीन वर्षों तक बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पेलियो-साइंसेज की फाइनेंस एण्ड बिल्डिंग कमेटी के सदस्य भी रह चुके हैं। वीबी सिंह इससे पूर्व संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  एवं यूपी स्टेट सेन्टर के मानद सचिव व अध्यक्ष भी रह चुके है। सिंह विदेश में अमेरिका आदि देशों में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

इस अवसर पर आल इंडिया पॉवर फेडरेशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र दुबे, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के पूर्व एमडी एसके वर्मा,  यूपी स्टेट ब्रिज कॉर्पोरेशन के पूर्व एमडी मसर्रत नूर खान, यू.पी. इन्जीनियर्स एसोसिएशन के महासचिव आशीष यादव एवं अन्य वरिष्ठ अभियन्ताओं ने वीबी सिंह को हार्दिक बधाई दी।

Articles